देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल—भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम-2025**
नई दिल्ली ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम–2025 के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह, ज्ञानार्जन की इच्छा और उनके उज्ज्वल भविष्य की सराहना की। सीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को अमूल्य अनुभव और सीख प्रदान की होगी।
राज्य स्तर पर भी शुरू होंगे शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की बधाई दी और बताया कि अब इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम राज्य स्तर पर भी शुरू किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को देश के इतिहास, संस्कृति और विकास की झलक देखने का अवसर मिले।
सीएम धामी ने साझा किया छात्र जीवन का अनुभव
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ अपना छात्र जीवन भी याद किया। उन्होंने बताया कि जब उनके पिताजी सेना से सेवानिवृत्त हुए, तब वे कक्षा 9 में थे।
कक्षा 10 की परीक्षा देने के लिए वे अकेले खटीमा से नैनीताल एक्सप्रेस पकड़कर सागर गए थे—यह उनका जीवन का पहला बड़ा शैक्षिक भ्रमण था, जिसने उन्हें आगे सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उद्देश्य, अनुशासन और समय प्रबंधन सफलता की कुंजी
सीएम धामी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा—
-
जीवन में स्पष्ट उद्देश्य जरूरी है।
-
स्वअनुशासन और निरंतरता सफलता की नींव हैं।
-
समय प्रबंधन से हम न केवल गलतियों में सुधार कर पाते हैं बल्कि समय का सदुपयोग भी करते हैं।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि हर मनुष्य के भीतर अपार शक्ति होती है, जो आत्मविश्वास, एकाग्रता और निरंतर प्रयास से प्रकट होती है।
आठ वर्ष से चल रही विधायक विनोद कंडारी की पहल
देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी द्वारा शुरू किया गया यह शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम अब आठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
इस वर्ष छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक साबरमती आश्रम का भ्रमण किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।
