पिथौरागढ़,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के सीमांत गांव मिलम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से मुलाकात की और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उनके समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के जज़्बे की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि—
“देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा में जवानों का योगदान अतुलनीय है। उनका अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
🔸 सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने मिलम गांव के स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया और क्षेत्र के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों के विकास हेतु ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिसके तहत इन क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत इलाकों में सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
🔸 विकास कार्यों की घोषणाएँ
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं —
-
जोहार क्लब मुनस्यारी में इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
-
ग्राम मिलम में नंदा देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा।
-
ग्राम बिल्जू में सामुदायिक मिलन केंद्र का निर्माण कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, स्थानीय नागरिक और आईटीबीपी के जवान मौजूद रहे।