देहरादून ,
डीजी/आईजी सम्मेलन के अनुपालन में बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं के प्रभावी प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड पुलिस का एक दल गुजरात रवाना हुआ है। पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देशन में भेजी गई इस टीम में पाँच अधिकारी शामिल हैं— पुलिस उपाधीक्षक श्री अभिनय चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक सुश्री नताशा सिंह, निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार उनियाल, उपनिरीक्षक सुश्री बरखा कन्याल तथा उपनिरीक्षक सुश्री दीपिका बिष्ट।
यह टीम “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में आयोजित भव्य एकता परेड में शामिल होगी। दौरे के दौरान यह दल पुलिस व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, वीवीआईपी सुरक्षा बंदोबस्त तथा यातायात नियंत्रण से जुड़ी तैयारियों और कार्यप्रणालियों का गहन अध्ययन करेगा।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के प्रतीक के रूप में आयोजित इस एकता परेड में देशभर से राज्यों की पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और अर्द्धसैनिक बलों के लगभग 4200 कर्मी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर डीजीपी श्री दीपम सेठ ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से पुलिस अधिकारियों को बड़े आयोजनों में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की बारीकियों को समझने और अन्य राज्यों की पुलिस से तालमेल बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि इस अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों को उत्तराखण्ड में भविष्य के आयोजनों में सर्वोत्तम प्रथाओं (Best Practices) के रूप में अपनाया जाएगा, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी व जनहितकारी बन सके।