ऊर्जा भवन पर गरजी राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, स्मार्ट मीटरों पर कार्रवाई की दी चेतावनी – uttarakhandawaaz.in

ऊर्जा भवन पर गरजी राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, स्मार्ट मीटरों पर कार्रवाई की दी चेतावनी

देहरादून,
उत्तराखंड में स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों और उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने देहरादून स्थित उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) के मुख्यालय ऊर्जा भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र जांच और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष नवीन पंत के नेतृत्व में अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता डी.एस. पंवार ने प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनीं और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ा है। नवीन पंत ने कहा कि उनकी पार्टी सदैव उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और यदि 15 दिन के भीतर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

पार्टी नेता संजीव घिल्ड़ियाल ने आरोप लगाया कि ऊर्जा विभाग ने बिना पूर्व सूचना या सहमति के पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए हैं, जिससे बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता समाप्त हो गई है। किसान एकता मंच के प्रवीण सिंह ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उपभोक्ता अब सटीक बिलिंग और पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलित हैं।
वहीं, वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश ईष्टवाल ने कहा कि यह समस्या न केवल उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को बढ़ा रही है, बल्कि राज्य सरकार की ‘स्मार्ट’ ऊर्जा नीति की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठा रही है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें —

  • सभी प्रभावित उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र जांच कर दोषपूर्ण मीटर बदले जाएं।
  • बढ़ी हुई रीडिंग वाले बिलों का पुनर्मूल्यांकन कर अतिरिक्त राशि की वापसी सुनिश्चित की जाए।
  • मीटर स्थापना से पूर्व उपभोक्ताओं की लिखित सहमति अनिवार्य की जाए।
  • शिकायत निवारण के लिए 15 दिन के भीतर समाधान हेतु विशेष टास्क फोर्स गठित की जाए।
  • उपभोक्ताओं को जागरूक करने और मीटरों की सटीकता पर प्रमाणित रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल, सुलोचना ईष्टवाल, योगेश ईष्टवाल, नवीन पंत, बी.पी. नौटियाल, सुभाष नौटियाल, संजीव घिल्ड़ियाल, प्रवीण बालियान, समदर्शी वर्तवाल, मीना थपलियाल, रजनी कुकरेती, रेनू नवानी, शांति चौहान, सुमन रावत, राकेश जदली, रंजना नेगी, प्रीतम नेगी तथा सुमित थपलियाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *