राष्ट्रपति दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस की फुलप्रूफ तैयारी, अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित

देहरादून,
राजधानी देहरादून में आगामी विशेष सत्र के दौरान राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं और सूचना प्रबंधन प्रणाली को भी मजबूत किया गया है।

विधानसभा क्षेत्र का सघन मुआयना
एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बुधवार को सीओ ट्रैफिक, टीआई और एसओ नेहरू कॉलोनी के साथ विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान राजकीय कर्मचारियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विधानसभा एवं सचिवालय स्टाफ की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है, जिससे अनावश्यक भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

सूचना प्रबंधन पर विशेष जोर
एसपी सिंह ने कहा कि इस बार डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर ट्रैफिक नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा रहा है। दौरे के दौरान किसी भी आकस्मिक या परिवर्तित स्थिति की जानकारी तुरंत साझा करने के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। इन ग्रुपों के माध्यम से पार्किंग स्थल में बदलाव, मार्ग परिवर्तन या अन्य महत्वपूर्ण सूचना तुरंत प्रसारित की जाएगी।

फ्लेक्स और साइनेज से मिलेगी दिशा-निर्देश
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए सभी निर्धारित पार्किंग स्थलों और मार्गों पर फ्लेक्स और साइनेज लगाए जाएंगे ताकि भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं को इस तरह तैयार किया जा रहा है जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित रहें और राष्ट्रपति दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

One thought on “राष्ट्रपति दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस की फुलप्रूफ तैयारी, अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *