रुद्रप्रयाग में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का विशाल स्वास्थ्य शिविर, 2100 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

विधायक भरत चौधरी ने किया उद्घाटन, स्कूल को 5 लाख की सहायता की घोषणा

देहरादून/रुद्रप्रयाग,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून के सौजन्य से श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, तिलणी, रुद्रप्रयाग में कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 2100 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित कीं।

विधायक भरत चौधरी ने किया शुभारंभ
शिविर का उद्घाटन रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, कलश संस्था के संस्थापक ओमप्रकाश सेमवाल और प्रधानाचार्य राकेश सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में विधायक भरत चौधरी ने कहा कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल न केवल शहरी क्षेत्रों में, बल्कि दूरस्थ पर्वतीय अंचलों में भी स्वास्थ्य सेवा की अलख जगा रहा है। उन्होंने इस प्रयास को समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बताते हुए विद्यालय को अपनी विधायक निधि से 5 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की।

कैंसर जागरूकता पर विशेषज्ञ व्याख्यान
शिविर में वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अजीत तिवारी ने कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, रोकथाम और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर उसका सफल उपचार संभव है। उन्होंने स्तन कैंसर के लिए नियमित मैमोग्राफी, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए पैप स्मीयर टेस्ट और मुख कैंसर की समय-समय पर जांच को अत्यंत आवश्यक बताया।

मुख्य अतिथियों के विचार
श्रीमती पूनम कठैत ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की भूमिका अत्यंत सराहनीय है और भविष्य में भी इस तरह के शिविर जारी रहने चाहिए।
संतोष रावत ने एस.जी.आर.आर. एजुकेशन मिशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का भी विकास कर रही है।

शिविर में दी गई विशेषज्ञ सेवाएँ
शिविर में विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने परामर्श दिया—
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अजीत तिवारी, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रोहिताश शर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. माणिक त्यागी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चेताली, फिजीशियन डॉ. आशुतोष भट्ट व डॉ. श्वेतांशु शर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषभ शर्मा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. हर्षित, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कनिष्क जोशी, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित मेहता, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रणव कोठियाल, सर्जन डॉ. निशांत, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी थपलियाल, फिजियोथैरिपिस्ट डॉ. सुशांत किमोठी और डॉ. गौरव, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि शुभंग शामिल रहे।

शिविर में मरीजों की निःशुल्क ईसीजी, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर जांच की गई।
कार्यक्रम की सफलता में केशव चंद लखेड़ा, बुद्धिबल्लभ डोभाल, हरिशंकर गौड़, सुरेंद्र सिंह चौधरी सहित शिक्षकों और सहायक स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

 

— मीडिया सेल, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून

2 thoughts on “रुद्रप्रयाग में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का विशाल स्वास्थ्य शिविर, 2100 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

  1. Thank you for your sharing. I am worried that I lack creative ideas. It is your article that makes me full of hope. Thank you. But, I have a question, can you help me?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *