पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक, धरने पर बैठे
देहरादून ,
विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं राजनैतिक दलों से जुडे हुए कार्यकर्ताओं ने यूसीसी कानून को लागू न किये जाने की मांग को लेकर रैली निकालकर विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज किया और इसे तत्काल प्रभाव से वापस लिये जाने की मांग की गई। यहां विभिन्न सामाजिक संगठनों व राजनैतिक दलों से जुडे हुए कार्यकर्ता धर्मपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास इकटठा हुए और यूसीसी को कानून न बनाये जाने व तत्काल प्रभाव से वापस लिये जाने की मांग को लेकर रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए विधानसभा कूच किया तो पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई और बाद में सभी वहीं पर धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड सरकार समान सिविल नागरिकता कानून लागू करने का जा रही है जिस कानून की पहाड़ी राज्य में कोई आवश्यकता नहीं है और इस राज्य की भौगौलिक व सांस्कृतिक परम्पराओं का अपना ही अलग महत्व है जिसे देश का संविधान संरक्षित करता है तथा इस प्रदेश के नागरिक को भी अपनी परम्पराओं के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है। ज्ञापन में कहा गया कि एक समाज को डराकर अपने हित साधने के मंसूबे को अंजाम दिया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। ज्ञापन में कहा गया कि देश और प्रदेश विभिन्नताओं का देश है और राज्य सरकार समान कानून लाना चाहते है तो सभी विभिन्न कानूनों व रीति रिवाजों को बदलना होगा। हिन्दू अनडिवाईडेट फैमली के बारे में चुप क्यो है और जनता को बताना होगा कि एक समाज को डराने का काम किया जा रहा है जो कानून पहले से ही मौजूद है और क्या आपने उन कानूनों को बदल दिया है। इस अवसर पर कई लोग शामिल रहे।
