राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती पर जिलों में उच्च स्तरीय अधिकारी होंगे नोडल – uttarakhandawaaz.in

राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती पर जिलों में उच्च स्तरीय अधिकारी होंगे नोडल

डीएम सविन बंसल ने दी तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को सौंपे दायित्व

देहरादून ,

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में विभागीय उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस, रजत जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मा. राष्ट्रपति, मा. प्रधानमंत्री के संभावित आगमन, प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन और सैन्य धाम के लोकार्पण जैसे प्रमुख आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और प्रबंधन के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिलों में विभागों के उच्चस्तरीय अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, प्रत्येक कार्यक्रम स्थल और रूट पर एडिशनल मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी।

जिलाधिकारी ने लोनिवि, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत, वन विभाग को निर्देशित किया कि प्रस्तावित मार्गों का सौंदर्यीकरण, सफाई, झूलती विद्युत लाइनों और गिरासू पेड़ों की लोपिंग का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उद्यान एवं पेयजल विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल और अन्य सुविधाओं की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

रजत जयंती सप्ताह के तहत जिले में नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, शहीदों को नमन, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, रोजगार दिवस, स्वदेशी खाद्य, और विकास का सफर जैसे विषयों पर प्रतिदिन थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

डीएम बंसल ने निर्देश दिए कि नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाए। सुशासन दिवस पर ब्लॉक स्तर पर वृहद बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएं, जिसमें जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा सके।

यूथ दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। साथ ही, आरबीआई की ओर से बैंकिंग जागरूकता कार्यशाला, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, और जलवायु परिवर्तन पर वृहद स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे ‘विजन–2050’ विषय पर निबंध, पेंटिंग और गोष्ठी प्रतियोगिताएं आयोजित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंढियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

One thought on “राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती पर जिलों में उच्च स्तरीय अधिकारी होंगे नोडल”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *