केदारनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, ठंड ने दी दस्तक

देहरादून ,

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुई बर्फबारी के बाद पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया, जिससे ठंड में भी इजाफा हो गया है। बर्फबारी के बाद बाबा केदार का धाम बेहद मनमोहक और आकर्षक नजर आ रहा है।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब हो गया है। हालांकि कुछ दिन पहले आसपास की पहाड़ियों पर हल्की बर्फ गिरी थी, लेकिन इस बार बर्फ सीधे मंदिर परिसर तक पहुंच गई।

ठंड बढ़ने के बाद यात्रियों के लिए प्रशासन ने अलाव की व्यवस्था की है। वहीं, तीर्थयात्रियों ने पहली बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। मौसम खराब होने के कारण दोपहर बाद हेलीकॉप्टर सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 6 और 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *