देहरादून ,
देहरादून और आसपास के पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश से गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बढ़ा दी है।
ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं को पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से अलर्ट कर रही है और घाटों पर स्नान से बचने की अपील कर रही है। वहीं, सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें नदी और नालों के किनारे गश्त करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दे रही हैं।
संवेदनशील इलाकों में नदी किनारे रहने वाले परिवारों को सुरक्षा कारणों से वहां से हटाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बरसात के दौरान लोग किसी भी सूरत में नदियों और नालों के पास न जाएं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके