”ऑपरेशन कालनेमि” के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून में फर्जी पहचान पर रह रहे बांग्लादेशी नागरिक की गिरफ्तारी, डॉक्टर बनकर कर रहा था काम

देहरादून ,
एसएसपी देहरादून को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने सेलाकुई क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारत में अवैध रूप से रह रहा था और अपनी पहचान छिपाकर बंगाली डॉक्टर के रूप में काम कर रहा था। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, पैनकार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए हैं।

पहचान छिपाकर कर रहा था क्लिनिक संचालन

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में पहले अपना नाम अमित कुमार पुत्र मनीसन्त अधिकारी, निवासी पश्चिम बंगाल बताया। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने असली नाम चयन अधिकारी बताया और मूल रूप से जेसोर, बांग्लादेश का निवासी होना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2017-18 में बांग्लादेशी पासपोर्ट पर भारत आया था और अपने ताऊ शंकर (निवासी संभल, उत्तर प्रदेश) के पास रहने लगा। वहां उसने मेडिकल प्रैक्टिस सीखी और बाद में फर्जी पहचान पर दस्तावेज बनवाकर बंगाली डॉक्टर के रूप में काम शुरू कर दिया।

पासपोर्ट जला दिया, भारतीय पहचान अपनाई

वर्ष 2022 में ताऊ की मौत के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपना बांग्लादेशी पासपोर्ट जला दिया और फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे विभिन्न जगहों पर काम करता रहा। पिछले कुछ महीनों से वह सेलाकुई में क्लिनिक चला रहा था।

अभियुक्त से पूछताछ जारी

आरोपी से वर्तमान में एलआईयू, स्पेशल ब्रांच, एसओजी, स्थानीय पुलिस और आईबी की संयुक्त टीम गहन पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: अमित कुमार उर्फ चयन अधिकारी

  • पिता का नाम: मनीसन्त अधिकारी

  • पता: विलेज रोड श्रीपुर, सुल्तानपुर, पोस्ट-ढालग्राम, जेसोर, बांग्लादेश

  • उम्र: लगभग 27 वर्ष

बरामदगी

  1. फर्जी आधार कार्ड – 01

  2. फर्जी पैन कार्ड – 01

  3. फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस – 01

मुकदमा दर्ज

आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में विदेशी अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *