भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, टिहरी–पौड़ी–हरिद्वार समेत कई जिलों में बढ़ाई गई सतर्कता
देहरादून ,
अगस्त समाप्त होने के बावजूद उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार, 1 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद
जिलाधिकारी सविन बंसल ने सुरक्षा की दृष्टि से देहरादून जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी सोमवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
मौसम विभाग की चेतावनी
-
देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में अत्यंत भारी वर्षा की संभावना
-
कई स्थानों पर गर्जन के साथ बिजली गिरने का खतरा
-
अन्य जिलों में भारी वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट प्रभावी
-
मंगलवार, 2 सितंबर को भी अधिकांश हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा
लोगों से अपील
प्रशासन ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है।
-
अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें
-
नदी-नालों के पास जाने से बचें
-
पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें
-
आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से तुरंत संपर्क करें