सीएम धामी ने देहरादून में चलाया ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ अभियान – uttarakhandawaaz.in

सीएम धामी ने देहरादून में चलाया ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ अभियान

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी देहरादून के पलटन बाजार में ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ जनजागरूकता अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों और प्रतिष्ठानों पर स्वदेशी अपनाने के संदेश वाले स्टीकर लगाए और स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग की अपील की।

सीएम धामी ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” और “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा,
“स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य है। जब हम अपने देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे, तो देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार दोनों को मजबूती मिलेगी।”

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों पर स्वदेशी नाम पटिकाएं अवश्य लगाएं, ताकि उपभोक्ताओं में स्वदेशी उत्पादों के प्रति विश्वास और गर्व की भावना बढ़े। उन्होंने कहा कि त्योहारों, उपहारों और दैनिक जरूरतों में स्वदेशी विकल्प अपनाना सांस्कृतिक पहचान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।

अभियान में स्थानीय व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। उपस्थित लोगों ने “स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ” के नारे लगाकर अभियान का समर्थन किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी संघों के पदाधिकारी और सामाजिक संगठन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *