19 अगस्त से भराड़ीसैंण में मानसून सत्र, विस अध्यक्ष ने की तैयारियों की समीक्षा

देहरादून ,

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शनिवार को विभिन्न विभागों के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, संचार, स्वास्थ्य, बिजली-पानी समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में 19 अगस्त से मानसून सत्र शुरू होगा। अब तक 32 विधायकों की ओर से 547 प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा परिसर में सुरक्षा चाक-चौबंद रखी जाए और प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही न हो। नेवा (नेशनल इलेक्ट्रोल वेब एप्लीकेशन) के तहत सत्र का संचालन होगा, जिसके लिए आईटीडीए को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संचार कंपनियों से विधानसभा में हाई स्पीड नेटवर्क उपलब्ध कराने और पूरे परिसर में वाई-फाई सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी तय हुआ कि बिना प्रवेश पत्र के किसी भी वाहन को विधानसभा परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मंत्रियों की सिफारिश पर अधिकतम दो और विधायकों की सिफारिश पर भी केवल दो आगंतुकों को ही प्रवेश मिलेगा।

अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बिजली और पानी की आपूर्ति भी निर्बाध बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा, “भराड़ीसैंण में मानसून सत्र कराने की पूरी तैयारी हो चुकी है। हालांकि, मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यदि सरकार स्थान परिवर्तन का निर्णय लेती है तो देहरादून में भी सत्र कराने के लिए हम तैयार हैं। अभी तक किसी विधायक की ओर से देहरादून में सत्र कराने के लिए कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।”

उन्होंने विधायकों से आह्वान किया कि वे सदन की गरिमा बनाए रखते हुए राज्यहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें, ताकि विकास की दिशा में ठोस निर्णय लिए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *