देहरादून ,
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआर) ने उत्तरकाशी जिले के धराली आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं खाद्य सामग्री भेजी। शुक्रवार सुबह कुलपति डॉ. कुमुद सकलानी और रजिस्ट्रार डॉ. लोकेश गंभीर ने 2 ट्रक सहित 4 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि “संकट की इस घड़ी में एसजीआरआर परिवार पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर संभव सहयोग करेगा। यह हमारा धर्म और कर्तव्य दोनों है।”
धराली में हाल की प्राकृतिक आपदा से कई परिवार बेघर हो गए हैं। ऐसे में एसजीआरआर विश्वविद्यालय और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने न केवल राहत सामग्री भेजने का संकल्प लिया, बल्कि पीड़ितों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा और उनके बच्चों को कुछ चयनित पाठ्यक्रमों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
राहत सामग्री में दवाइयाँ, खाद्यान्न, कंबल, कपड़े और आवश्यक वस्तुएँ शामिल हैं। इन सामग्रियों का वितरण एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बड़कोट की प्रधानाचार्य कमला रावत और एसजीआरआर पब्लिक स्कूल पुरोला के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह चौहान ने एडीएम उत्तरकाशी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में सुनिश्चित किया।
एसजीआरआर समूह के उत्तरकाशी जनपद के सभी संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे राहत और बचाव कार्यों में हर संभव योगदान दें।
धराली की ठंडी हवाओं और टूटी छतों के बीच यह राहत सामग्री आपदा प्रभावित परिवारों के लिए केवल वस्तुएँ नहीं, बल्कि एक उम्मीद की किरण है—यह भरोसा कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा एसजीआरआर परिवार उनके साथ खड़ा है।