गैरसैंण/देहरादून,
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित विधानसभा परिसर में ध्वजारोहण किया।
इस मौके पर डॉ. रावत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिवस देशभक्ति, एकता और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का अवसर है, जो हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनसे माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।