हरिद्वार,
धराली (उत्तरकाशी) में आई भीषण आपदा में प्रभावितों की सहायता के लिए पतंजलि योगपीठ आगे आया है। पतंजलि के परमाध्यक्ष स्वामी रामदेव, महामंत्री आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि फूड्स के एमडी रामभरत ने प्रारंभिक तौर पर 3 ट्रक राहत सामग्री रवाना की। इसमें आटा, चावल, दाल, नमक, मसाले, तिरपाल, बर्तन, टूथपेस्ट, ब्रश और साबुन जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं, जो लगभग 500 परिवारों तक पहुंचाई जाएंगी।
स्वामी रामदेव ने कहा कि आपदा में जान गंवाने वालों को तो वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन प्रभावितों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने बड़ी स्वदेशी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों से भी आपदा राहत में आगे आने की अपील की। साथ ही रक्षाबंधन पर देशवासियों से स्वदेशी अपनाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता का संकल्प लेने को कहा।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि पहले भी 2004 की सुनामी, 2008 बिहार बाढ़, 2013 केदारनाथ आपदा और नेपाल भूकंप जैसी आपदाओं में सबसे पहले मदद के लिए आगे आया था। इस बार भी पतंजलि आपदा पीड़ितों के साथ है और जरूरत पड़ने पर और सहायता भेजी जाएगी।
रक्षाबंधन के अवसर पर पतंजलि योगपीठ में राखी समारोह और उपनयन संस्कार का आयोजन भी हुआ, जिसमें बहनों और छात्राओं ने स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण को राखी बांधी।