मुख्यमंत्री के निर्देश पर धराली पहुंचे स्वास्थ्य सचिव, 300 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

उत्तरकाशी ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार शनिवार को रक्षाबंधन के दिन सीधे ग्राउंड जीरो धराली पहुंचे और आपदा प्रभावित इलाकों में राहत व स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने SDRF, NDRF, ITBP और स्वास्थ्य टीमों का उत्साह बढ़ाया और घायलों से मिलकर सभी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। धराली में चिकित्सा स्टाफ और महिलाओं ने उन्हें राखी बांधकर अपना विश्वास जताया।

शनिवार को 158 लोग चिन्यालीसौड़ और 170 लोग मातली हेलीपैड पहुंचे, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित गंतव्य के लिए भेजा गया। स्वास्थ्य सचिव ने SDRF जवानों के साथ भोजन भी किया और उनकी सेवा भावना की सराहना की।

डॉ. राजेश कुमार ने चिन्यालीसौड़ और मातली राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया और त्योहार के दिन सेवा में जुटी महिला स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे तैनात कई टीमों को विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *