देहरादून:
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश का असर अब मैदान से लेकर पहाड़ों तक साफ़ तौर पर दिखाई देने लगा है। आज की तेज बारिश ने राज्यभर में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने कल के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी और देहरादून में कल भी भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत एजेंसियां अलर्ट मोड पर
राज्य सरकार ने हालात को गंभीरता से लेते हुए SDRF और NDRF को ग्राउंड जीरो पर हर समय मुस्तैद रहने को कहा है। इसके अलावा, सभी जिलों की पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को भी तत्काल राहत कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
भूस्खलन से कई मार्ग बंद
लगातार हो रही बारिश की वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे महत्वपूर्ण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इन रास्तों को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
स्कूलों में कल भी हो सकता है अवकाश
तेज बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कल यानी 5 अगस्त को भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया जा सकता है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।