देर से आए सरकारी आदेश से स्कूलों की छुट्टी बनी मुसीबत, अभिभावकों में रोष – uttarakhandawaaz.in

देर से आए सरकारी आदेश से स्कूलों की छुट्टी बनी मुसीबत, अभिभावकों में रोष

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में आज सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा कर दी गई, लेकिन यह आदेश 03 अगस्त को जारी होने के बावजूद संबंधित स्कूलों तक सुबह करीब 7:00 बजे ही पहुंच पाया। प्रशासनिक लापरवाही के चलते छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति यह रही कि सुबह तक अधिकांश छात्र स्कूल पहुँच चुके थे और उन्हें गेट से ही वापस लौटाया गया। कई स्कूलों के प्रशासन को छुट्टी की कोई जानकारी नहीं थी, जिससे असमंजस और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्कूल खुलने के समय से ठीक पहले आए आदेश ने शिक्षकों और प्रबंधन को भी असमंजस में डाल दिया।

अभिभावकों में गुस्सा

अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि जब आदेश तीन अगस्त को ही तैयार कर दिया गया था, तो उसे रात में ही क्यों नहीं भेजा गया? इतनी महत्वपूर्ण सूचना को अंतिम समय पर भेजे जाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी नाराज़गी जाहिर की गई। कई अभिभावक बच्चों को भारी बारिश में स्कूल छोड़ने पहुंचे और फिर उन्हें वापस लाना पड़ा।

बारिश और अव्यवस्था ने बढ़ाई मुसीबत

तेज बारिश के बीच सुबह-सुबह स्कूलों के चक्कर लगाने को मजबूर अभिभावक बेहद नाराज नजर आए। बेवजह दौड़-धूप और सूचना के अभाव में बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती दिखी। कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति के बीच अभिभावक बच्चों को लेकर परेशान होते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *