हरिद्वार, 27 जुलाई:
श्रावण मास के पवित्र अवसर पर देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार में गंगा स्नान और मंदिर दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। इसी बीच रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 6 से 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह बिजली के खुले तार से करंट लगने की घटना मानी जा रही है। करंट लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके चलते भगदड़ की स्थिति बन गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को त्वरित उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, वहीं मंदिर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत लाइन की स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आने पर प्रशासन और पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं