देहरादून,
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के पहले चरण को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री दीपम सेठ ने मंगलवार को सरदार पटेल भवन, देहरादून से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त परिक्षेत्रों एवं जनपद प्रभारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में कानून-व्यवस्था एवं निर्वाचन के पुलिस नोडल अधिकारी, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने राज्यभर की सुरक्षा तैयारियों, बल की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। जनपद स्तर से भी फीडबैक साझा किया गया।
डीजीपी ने दिए निर्देश:
-
आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए।
-
मौसम पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि पोलिंग पार्टियाँ समय से मतदान केंद्रों तक पहुँच सकें।
-
कांवड़ यात्रा में तैनात बल को समय रहते संबंधित जनपदों में पंचायत चुनाव ड्यूटी हेतु भेजा जाए।
-
चुनाव बहिष्कार की सूचनाओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन के समन्वय से किया जाए।
-
अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण जनपद प्रभारी स्वयं करें और छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लें।
-
सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित खंडन और अराजक तत्वों पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
-
एसडीआरएफ को संभावित आपदाओं के पूर्व चेतावनी के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से समन्वय के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक की गई बड़ी कार्यवाही:
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि निरोधात्मक कार्यवाही के तहत राज्य में लगभग 15 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री जब्त की गई है:
-
20,400 लीटर अवैध शराब जब्त, अनुमानित मूल्य ₹1.32 करोड़
-
145 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ, अनुमानित मूल्य ₹13.70 करोड़
-
2,778 मामलों में 20,288 व्यक्तियों का चालान, जिनमें से 7,682 व्यक्तियों को पाबंद किया गया
-
86% लाइसेंसी शस्त्र जनपदों में जमा कराए जा चुके हैं
डीजीपी का संदेश:
“त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पर्व है। प्रत्येक मतदाता को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में मतदान का अवसर देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा विघ्न डालने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।” – दीपम सेठ, डीजीपी उत्तराखंड
बैठक में शामिल वरिष्ठ अधिकारी:
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय श्रीमती विम्मी सचदेवा, आईजी कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी अभिसूचना के.एस. नागन्याल, आईजी एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी, आईजी कार्मिक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, डीआईजी कानून व्यवस्था धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, एसपी अपराध कमलेश उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनपदों से सभी एसएसपी/एसपी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
