देहरादून एयरपोर्ट पर मॉक ड्रिल: विमान में आग लगने की ‘आपातकालीन स्थिति’ का किया गया अभ्यास – uttarakhandawaaz.in

देहरादून एयरपोर्ट पर मॉक ड्रिल: विमान में आग लगने की ‘आपातकालीन स्थिति’ का किया गया अभ्यास

150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल, आठ एजेंसियों ने मिलकर निभाई अहम भूमिका

जॉलीग्रांट (देहरादून),

राजधानी के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर आज एक महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें विमान दुर्घटना की आपात स्थिति का वास्तविक परिदृश्य रचकर राहत और बचाव कार्यों की तैयारी का परीक्षण किया गया।

मॉकड्रिल के तहत परिदृश्य यह था कि लैंडिंग गियर फेल हो जाने के चलते एक विमान में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। अलार्म बजने के साथ ही एयरपोर्ट फायर सर्विस, एसडीआरएफ, एंबुलेंस सेवाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने व प्राथमिक उपचार प्रदान करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया।

इस मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट और बाहरी कुल आठ विभागों की टीमों के करीब 150 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
मुख्य भागीदारों में शामिल रहे:

  • एयरपोर्ट फायर सर्विस (भाविप्रा)

  • एसडीआरएफ

  • एम्स ऋषिकेश

  • राज्य स्वास्थ्य विभाग

  • हिमालयन हॉस्पिटल, जॉलीग्रांट

  • स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक इकाइयां

एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, यह मॉक ड्रिल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के दिशानिर्देशों के अनुरूप आयोजित की गई, ताकि आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई की वास्तविक तैयारी का आकलन किया जा सके।

एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि “इस तरह के अभ्यासों से हमें यह समझने का अवसर मिलता है कि वास्तविक संकट के समय कौन-सी एजेंसी कितनी तत्परता और प्रभावशीलता से कार्य कर सकती है। ड्रिल पूरी तरह सफल रही और सभी एजेंसियों का तालमेल सराहनीय रहा।”

इस अभ्यास से न सिर्फ आपातकालीन व्यवस्थाओं की क्षमता का आकलन किया गया, बल्कि इसमें शामिल टीमों को भी महत्वपूर्ण व्यावहारिक अनुभव मिला। स्थानीय नागरिकों व यात्रियों को भी इस ड्रिल की पूर्व सूचना दी गई थी, जिससे कोई भ्रम की स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *