भारी बारिश का असर: चारधाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित

देहरादून ,

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन की आशंकाओं के चलते चारधाम यात्रा को एहतियातन एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि वर्तमान मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय श्रद्धालुओं की जानमाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह कदम यात्रियों को मार्गों पर किसी भी प्रकार की असुविधा या खतरे से बचाने के लिए उठाया गया है। कई मार्गों पर जलभराव और भूस्खलन की संभावना के मद्देनज़र संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है, जबकि राहत और बचाव टीमें सक्रिय रूप से कार्य में जुटी हैं।

गढ़वाल आयुक्त ने आगे जानकारी दी कि यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय कल मौसम की समीक्षा और मार्गों की स्थिति के आकलन के बाद लिया जाएगा। इस बीच, श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थलों की ओर न बढ़ने की अपील की गई है।

🔺 जरूरी निर्देश:

  • श्रद्धालु कृपया अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान से पूर्व मौसम और मार्गों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

  • किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी प्रशासनिक अधिकारियों या हेल्पलाइन नंबर से संपर्क करें।

  • अस्थायी रूप से रुके श्रद्धालुओं के लिए आश्रय और भोजन की व्यवस्थाएं की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *