देहरादून,
शनिवार शाम करीब 6:30 बजे देहरादून स्थित कैलाश हॉस्पिटल के ईमेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें अस्पताल परिसर में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।
धमकी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), बम डिस्पोजल स्क्वॉड एवं डॉग स्क्वॉड को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
टीमों ने अस्पताल के सभी प्रमुख हिस्सों – वार्ड, ओपीडी, बेसमेंट, पार्किंग और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों – की गहन तलाशी ली। करीब दो घंटे चली सघन जांच के बाद राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अन्य शाखाओं को भी धमकी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैलाश हॉस्पिटल की अन्य शाखाओं, जैसे गाजियाबाद में स्थित इकाइयों को भी इसी प्रकार के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इन सभी स्थानों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच
धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए ईमेल की तकनीकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है, और मेल भेजने वाले की लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने को दें।
स्थिति नियंत्रण में
फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और अस्पताल का संचालन सुचारू रूप से जारी है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जांच कार्य में जुटी हैं।