देहरादून,
शहर के निजी स्कूलों की मनमानी पर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद, जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में देहरादून जिला प्रशासन ने शिक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ा प्रहार जारी रखा है। ताज़ा मामला भनियावाला स्थित द प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल का है, जिसने प्रशासन की कार्रवाई के बाद ₹5,72,000 की पेनल्टी जमा कर दी है।
प्रशासन द्वारा स्कूल में दस्तावेजों की जांच के बाद सामने आया कि स्कूल न केवल मानकों के विपरीत फीस वसूल रहा था, बल्कि उसकी मान्यता का नवीनीकरण भी नहीं हुआ था। इस पर ₹5.72 लाख का जुर्माना लगाया गया, जिसे स्कूल प्रबंधन ने चेक के माध्यम से भर दिया। इसके साथ ही स्कूल ने फीस घटाने को लेकर जिला प्रशासन को लिखित सहमति भी दी है।
इस कार्रवाई से अभिभावकों में राहत की भावना है, जबकि निजी स्कूलों में प्रशासन का डर साफ नजर आने लगा है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अगुवाई में लगातार हो रही प्रवर्तन कार्रवाई के चलते शहर के अन्य प्रतिष्ठित स्कूल भी अब बैकफुट पर आ चुके हैं।
प्रशासन के अनुसार, 100 से अधिक अभिभावकों ने द प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल की मनमानी फीस वृद्धि की शिकायत की थी। बुलावे के बावजूद स्कूल प्रबंधन पहले हाजिर नहीं हुआ, लेकिन जब जांच शुरू हुई तो तमाम अनियमितताएं उजागर हो गईं।
प्रशासन का कहना है कि आगे भी यदि कोई निजी विद्यालय मनमानी फीस वसूली, मानक उल्लंघन या नियमविरुद्ध संचालन करता पाया गया तो उसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह सख़्ती जिले में शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
