सरे राह गुंडागर्दी करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने दबोचा, तमंचा दिखाकर दी थी जान से मारने की धमकी

देहरादून,

शहर में बीच सड़क पर गुंडागर्दी कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, 26 मई को वादी हर्ष चौधरी पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी बहलना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय और आरव नामक दो युवकों ने उनका पीछा कर रिस्पना पुल के पास उनकी गाड़ी को रोका। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और तमंचे की बट से वाहन का शीशा तोड़ दिया। साथ ही, जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सुरागरसी व पतारसी करते हुए आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया और आज 28 मई को हरिद्वार बायपास रोड से एक आरोपी आरव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथी अजय चौधरी की तलाश अब भी जारी है।

पूछताछ में खुलासा

गिरफ्तार आरोपी आरव चौधरी (24), पुत्र नरेंद्र चौधरी, निवासी बीनपुर दुधला, थाना गगौह, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) ने पूछताछ में बताया कि वादी हर्ष चौधरी के साथ उसका और उसके साथी अजय का पहले से ही विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *