उत्तराकाशी ,
उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में आज एक बड़ा हादसा हो गया। गंगोत्री धाम की तीर्थयात्रा पर निकले मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक बस धरासू के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा गंगोत्री हाईवे पर हुआ, जब बस संख्या UK 13PA-0085 संतुलन खो बैठी और सड़क से फिसल गई।
बस में कुल 41 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तरकाशी पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बस गंगोत्री धाम की ओर जा रही थी जब यह हादसा हुआ।
उत्तराखण्डआवाज़ आपसे अपील करता है कि पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करते समय सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।