दिखावे के खेल में चली गोली, दोस्त की मौके पर मौत

देहरादून,

राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मज़ाक-मज़ाक में चलाई गई गोली ने एक युवक की जान ले ली। घटना में 30 वर्षीय सागर पुत्र राजेश कुमार गिरी की मौत हो गई, जो अपने दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल था।

क्या है मामला:

घटना मेंहूंवाला माफी क्षेत्र की है, जहां अमन पुत्र किशन लाल अपने घर की छत पर चार दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। पार्टी के दौरान अमन ने .32 बोर की पिस्टल टेबल पर रखी और उसकी मैगजीन अलग कर दी। लेकिन वह यह भूल गया कि पिस्टल के चेंबर में पहले से एक राउंड मौजूद था।

मजाक में पिस्टल से छेड़खानी करते हुए जैसे ही अमन ने ट्रिगर दबाया, गोली चल गई और सागर को सीधे जा लगी। घायल सागर को तत्काल इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान:

  • नाम: सागर पुत्र राजेश कुमार गिरी

  • निवासी: 76/75 गांधी ग्राम, गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के निकट, थाना कोतवाली नगर, देहरादून

  • उम्र: 30 वर्ष

पुलिस कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पिस्टल की वैधता, उसके लाइसेंस और हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमन और उसके दोस्तों से पूछताछ जारी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *