देहरादून में किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

नाबालिग युवती को मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से लाकर बनाया बंधक, पुलिस ने किया रेस्क्यू; ₹18 हजार नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद

देहरादून,

पटेल नगर क्षेत्र में किराये के कमरे में कथित रूप से चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से तीन महिलाएं और एक नाबालिग युवती सहित छह लोग मिले। पुलिस ने नाबालिग युवती को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक पटेल नगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में एक मकान में कुछ महिलाओं और पुरुषों द्वारा कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में औचक छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुष मिले। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए।

व्हाट्सऐप पर भेजी जाती थीं लड़कियों की तस्वीरें

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेडा ने मकान किराये पर लिया था। पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों की मांग के अनुसार कथित रूप से देह व्यापार कराता था।

आरोपी कथित तौर पर फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था तथा उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजता था। ग्राहक की पसंद के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजे जाने की बात पुलिस ने बताई है।

मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाई गई नाबालिग

पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू की गई नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। पुलिस का आरोप है कि देहरादून पहुंचने के बाद उस पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया। युवती द्वारा इनकार किए जाने पर उसे कथित रूप से कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।

पुलिस ने नाबालिग को रेस्क्यू करते हुए मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

ये आरोपी गिरफ्तार

  1. मनीष कुमार लखेडा, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेल नगर, देहरादून
  2. अभिषेक, निवासी महावीर नगर, दिल्ली
  3. भानू उर्फ सिद्धान्त, निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून
  4. ममता, निवासी स्कूल ब्लॉक, शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली
  5. नेहा, निवासी संगम विहार, दिल्ली
  6. सुमन, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली

पुलिस ने यह सामान किया बरामद

  • आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां
  • 18,000 रुपये नकद

पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *