भाजपा संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, राम माधव बोले- ‘एब्सोल्यूट नहीं, हाईएस्ट मेजोरिटी के साथ 60 पार – uttarakhandawaaz.in

भाजपा संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, राम माधव बोले- ‘एब्सोल्यूट नहीं, हाईएस्ट मेजोरिटी के साथ 60 पार

बांसुरी स्वराज ने युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की राजनीति पर साधा निशाना, महेंद्र भट्ट बोले- शहर से गांव तक हो उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा

देहरादून ,

भाजपा की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के लिए 60 पार के लक्ष्य को लेकर राजनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर राम माधव के साथ प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद आयोजित बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।

‘संगठनात्मक भूमिका से राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका में आएं’

राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को मजबूत करने का काम किया गया है। अब शेष समय में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक भूमिका के साथ राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका में सक्रिय होकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विपक्ष की कमजोरियों और उसके राजनीतिक रुख को भी जनता के सामने रखने की बात कही।

बांसुरी स्वराज बोलीं- सरकारों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएं

बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी अपनी सरकारों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने और एकजुटता के साथ काम करने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी राजनीति के पीछे की विचारधारा को जनता के सामने उजागर करने की जरूरत है।

महेंद्र भट्ट बोले- बूथ तक पहुंचे प्रदेश के फैसले

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संगठन में दोतरफा संवाद को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन के निर्णय बूथ स्तर तक पहुंचने चाहिए और बूथों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी की जनता के बीच उपस्थिति और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है, क्योंकि सरकार और संगठन के कार्यों के मूल्यांकन का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।

‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ पर फोकस

प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने चुनावी तैयारियों के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ जैसे संगठनात्मक मंत्रों पर फोकस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में पार्टी को अपेक्षा से अधिक सफलता मिली है।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें ‘मन की बात’, बूथ सशक्तिकरण, कोर कमेटी एवं अन्य समितियों की बैठकें, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी कार्यक्रम और लाभार्थी कार्यक्रम सहित विभिन्न सांगठनिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *