हरिद्वार में खुलेगा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, हर बैच में 50 छात्रों को मिलेगा MBBS में प्रवेश – uttarakhandawaaz.in

हरिद्वार में खुलेगा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज, हर बैच में 50 छात्रों को मिलेगा MBBS में प्रवेश

केंद्र ने दी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी, मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे का होगा उपयोग

देहरादून ,हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज की शुरुआत हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए की जाएगी।

हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में आयोजित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रदान की गई है। इसके तहत मौजूदा अस्पताल के उपलब्ध संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी मिलने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना से उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। साथ ही राज्य के युवाओं को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए एक और महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को भी और मजबूती मिलेगी। मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग किए जाने से उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का बेहतर और प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सकेगा।

हर बैच में 50 एमबीबीएस सीटें

ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इससे राज्य में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *