देहरादून ,
शहर के व्यस्ततम क्षेत्र चकराता रोड स्थित घंटाघर के पास शुक्रवार सुबह एक फोटो लेमिनेशन एवं फ्रेमिंग की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, घटना घंटाघर चौक के निकट दिग्विजय सिनेमा के पिछले हिस्से की गली में स्थित डीके लेमिनेशन नामक दुकान में सुबह करीब 7 बजे हुई। दुकान गोयल फोटो कंपनी के परिसर से सटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत फायर सर्विस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकान में बड़ी मात्रा में लकड़ी के फ्रेम, लेमिनेशन शीट, फोटो फ्रेम के बोर्ड और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।