देहरादून,
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित नवोदय विद्यालय समिति/लैब अटेंडेंट की परीक्षा में हाई-टेक नकल का पर्दाफाश करते हुए दून पुलिस ने नकल गिरोह के सरगना सहित दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने अभ्यर्थियों से ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराकर पास कराने का सौदा प्रति उम्मीदवार 7 लाख रुपये में किया था।
गिरफ्तारी के दौरान खुलासा हुआ कि विवेक सिंह (27 वर्ष) और श्रीकान्त (32 वर्ष), दोनों हरियाणा निवासी, परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को पहले ही 1-1 लाख रुपये एडवांस में लेकर डिवाइस और ईयरिंग बड्स मुहैया करा चुके थे। परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर डालनवाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परीक्षा में नकल करते 9 अभ्यर्थियों को रंगे हाथों पकड़ा।
पूछताछ में सामने आया कि इन अभ्यर्थियों को गिरोह द्वारा परीक्षा के दौरान उत्तर बताए जा रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों मुख्य सरगनाओं को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आज डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
-
विवेक सिंह पुत्र समन्दर सिंह, निवासी करटीन, थाना जुलाना, जिला जींद (हरियाणा)
-
श्रीकान्त पुत्र राम दिया, निवासी मदीना, थाना महम, जिला रोहतक (हरियाणा)
बरामद सामग्री:
-
विवेक सिंह से 2 मोबाइल फोन
-
श्रीकान्त से 3 मोबाइल फोन
-
प्रयोग में लाई गई सफेद रंग की स्विफ्ट कार (HR-31-S-8759)
इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।