देहरादून में 6 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, भारतीय महिला भी हिरासत में

देहरादून ,

उत्तराखंड के देहरादून जिले के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने 6 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक भारतीय महिला को भी हिरासत में लिया गया है, जिस पर इनकी मदद करने का आरोप है। इन सभी से मिलिट्री इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों ने भारत में अपनी पहचान और नागरिकता छुपाकर रहना स्वीकार किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें से मुनीर नामक एक बांग्लादेशी नागरिक ने एक भारतीय महिला से शादी की थी। मुनीर 14 साल पहले भारत आया था और नोएडा में काम किया। बाद में उसने झज्जर के ईंट भट्ठे पर काम किया और 2023 में एक बार फिर भारत लौटा। वर्तमान में वह देहरादून में रह रहा था।

हरिद्वार में भी एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है, जो एक भारतीय नागरिक के साथ रह रही थी। यह महिला भी अपनी पहचान छुपाकर रह रही थी।

बड़े पैमाने पर छापेमारी

इससे पहले कोटद्वार और रुड़की में भी बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, असम और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं। इन पर कार्रवाई के लिए देशभर में अभियान चलाया जा रहा है।

शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में भी ईंट भट्ठों पर काम कर रहे महिला-पुरुष और बच्चों सहित 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था।

यह घटनाक्रम भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ चल रहे सघन अभियान का हिस्सा है, जिसमें सुरक्षा एजेंसियां इनकी पहचान, गतिविधियों और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *