16वें वित्त आयोग की टीम देहरादून पहुंची, सोमवार को सीएम धामी की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक

देहरादून ,

16वें वित्त आयोग की उच्चस्तरीय टीम, आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में रविवार को देहरादून पहुंची। टीम का पारंपरिक शैली में ढोल-दमाऊ की थाप पर ओल्ड मसूरी रोड स्थित होटल हयात रीजेंसी में स्वागत किया गया।

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में होने वाली बैठक में राज्य सरकार आयोग के समक्ष अपना प्रस्ताव पेश करेगी। इस बैठक में राज्य सरकार की वित्तीय जरूरतों, विकास प्राथमिकताओं और संसाधनों के समुचित वितरण पर चर्चा की जाएगी।

वित्त आयोग की टीम में अध्यक्ष डॉ. पनगढ़िया के अलावा सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, मनोज पांडा, सौम्या कांति घोष, सचिव ऋत्विक पांडे, संयुक्त सचिव के. के. मिश्रा, और संयुक्त निदेशक पी. अमरूथावर्षिनी शामिल हैं।

बैठकों का सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। सोमवार दोपहर बाद आयोग की टीम नगर निकायों, त्रिस्तरीय पंचायतों और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेगी। इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर वित्तीय आवश्यकताओं, योजनाओं की क्रियान्वयन स्थिति और संसाधनों के न्यायसंगत बंटवारे पर विचार किया जाएगा।

राज्य सरकार के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशें 2026 से 2031 की अवधि के लिए केंद्र से मिलने वाले वित्तीय संसाधनों के वितरण का आधार तय करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *