देहरादून ,
हाल ही में एक समाचार माध्यम द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में दावा किया गया कि ₹50,000 के इनामी अभियुक्त दीपक मित्तल देहरादून आया था और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी। देहरादून पुलिस ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए उसका कड़ा खंडन किया है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों से संपर्क किया। ईडी की ओर से भी यह स्पष्ट किया गया कि संबंधित खबर में कोई सच्चाई नहीं है। पुलिस द्वारा की गई गोपनीय जांच में भी दीपक मित्तल के देहरादून आने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
दीपक मित्तल के विरुद्ध ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया हुआ है। यह नोटिस न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी है। इसके तहत अभियुक्त की किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा से आवाजाही पर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी और इसकी सूचना संबंधित एजेंसियों को दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, देहरादून में दर्ज धोखाधड़ी के मामलों को लेकर स्थानीय पुलिस ने भी अभियुक्त के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। इस सर्कुलर के अनुसार, मित्तल की भारत में किसी भी सीमा से प्रवेश करने पर उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि रेड कॉर्नर नोटिस और लुक आउट सर्कुलर के प्रभाव में रहते अभियुक्त का एक देश से दूसरे देश में यात्रा करना संभव नहीं है।
देहरादून पुलिस ने संबंधित समाचार को पूरी तरह असत्य और भ्रामक करार देते हुए स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।