देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना अब आम जनता के लिए खुलेगा, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी उद्घाटन – uttarakhandawaaz.in

देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना अब आम जनता के लिए खुलेगा, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी उद्घाटन

देहरादून,

ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना, जो अब तक विशिष्ट अतिथियों और राष्ट्रपति प्रवास तक ही सीमित था, अब आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आगामी 20 जून 2025 को इस धरोहर का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। यह उद्घाटन न केवल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि देहरादून को हरित विरासत और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में नई पहचान भी देगा।

आशियाना में बन रहा है 132 एकड़ का आधुनिक पार्क

राष्ट्रपति मुर्मू अपने दौरे के दौरान आशियाना परिसर में एक 132 एकड़ में फैले अत्याधुनिक पार्क की आधारशिला भी रखेंगी। यह पार्क अगले वर्ष तक तैयार होकर आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें हरियाली, टिकाऊ विकास की अवधारणाएं और स्वास्थ्य व सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधाएं शामिल होंगी।

डीएम देहरादून के सुझाव से बनी योजना

इस मेगा प्रोजेक्ट की शुरुआत जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर हुई थी। जनवरी 2025 में हुई बैठक में डीएम ने राष्ट्रपति सचिवालय से इस आधुनिक पार्क को शामिल करने का प्रभावी आग्रह किया था। इसके बाद राष्ट्रपति सचिवालय ने इसे स्वीकृति दी और कार्य को गति मिली।

क्या-क्या होगा खास

अपर सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति आशियाना परिसर को एक बहु-आयामी सार्वजनिक स्थल में बदला जा रहा है। यहाँ होंगे:

  • आगंतुक सुविधा केंद्र

  • एम्फीथिएटर

  • कला प्रदर्शन स्थल

  • कैफेटेरिया

  • स्मारिका स्टोर

  • घोड़ों का अस्तबल

देहरादून को मिलेगा ग्रीन स्पेस

डॉ. गुप्ता ने इसे देहरादून के लिए दीर्घकालिक “ग्रीन स्पेस” की सौगात बताया है, जिससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा संबंधित विभागों को सभी तैयारियां 20 जून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल उत्तराखंड में पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *