प्रोफेसर की शर्मनाक हरकत से कॉलेज में हंगामा, छात्राओं से छेड़छाड़ पर केस दर्ज – uttarakhandawaaz.in

प्रोफेसर की शर्मनाक हरकत से कॉलेज में हंगामा, छात्राओं से छेड़छाड़ पर केस दर्ज

हरिद्वार,

उत्तराखंड के हरिद्वार ज़िले में एक डिग्री कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर पर छात्राओं से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना ने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है। आरोपी ने साक्षात्कार परीक्षा की आड़ में एक दर्जन छात्राओं के साथ आपत्तिजनक हरकतें कीं।

इंटरव्यू की आड़ में अश्लील हरकतें

केएल डीएवी डिग्री कॉलेज की बीएससी की छात्रा ने अन्य करीब एक दर्जन छात्राओं (हिंदू व मुस्लिम दोनों समुदायों की) और कॉलेज के शिक्षकों के साथ कोतवाली गंगनहर पहुंचकर शिकायत दी कि चूड़ीयाला डिग्री कॉलेज में कार्यरत एसोसिएट प्रोफेसर अब्दुल अलीम अंसारी ने फिजिक्स के मौखिक साक्षात्कार के दौरान उन्हें बंद कमरे में बुलाकर छेड़छाड़ की। छात्राओं के अनुसार, परीक्षा के नाम पर प्रोफेसर ने शारीरिक स्पर्श कर अशोभनीय व्यवहार किया।

छात्राओं ने दिखाई हिम्मत, पहुंचीं पुलिस के पास

घटना के बाद छात्राओं ने साहस दिखाते हुए पुलिस को इस घिनौनी हरकत की जानकारी दी। शिकायत के गंभीर स्वरूप को देखते हुए कोतवाली गंगनहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मु.अ.सं. 196/2025 धारा 75(2) BNS में केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी की पहचान

  • नाम: अब्दुल अलीम अंसारी

  • पिता का नाम: स्व. अब्दुल अजीज

  • निवास: ग्राम पुडकावाला कुआं, थाना डोईवाला, जिला देहरादून

पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर से पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

क्या है धारा 75(2) BNS?

यह धारा यौन अपराधों से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित है, जिसके अंतर्गत आरोपी पर कठोर दंड का प्रावधान है।

कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल

इस पूरे प्रकरण में कॉलेज प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्राओं के मुताबिक, शुरू में जब उन्होंने कॉलेज स्तर पर शिकायत की, तो उसे गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके बाद उन्हें पुलिस का सहारा लेना पड़ा।

यह घटना महिला सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों में शुचिता को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि वह निष्पक्ष जांच कर दोषी को कड़ी सजा दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *