लगातार बढ़ती महिला हिंसा के खिलाफ सड़कों पर फूटा लोगों का गुस्सा – uttarakhandawaaz.in

लगातार बढ़ती महिला हिंसा के खिलाफ सड़कों पर फूटा लोगों का गुस्सा

कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर सरकार के पुतले जलाए गए
देहरादून ,

प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के राज में लगातार महिलाओं के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, दहेज हत्या घरेलू हिंसा के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि पुलिस के लापरवाह रवैये तथा अनेक मामलों में सत्ताधारी दल के संरक्षण के खिलाफ आज लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के आह्नान पर प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर सरकार के पुतले जलाए गए व अनेक स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन धरने किए। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व हरिद्वार के पार्टी विधायकों के नेतृत्व में हरिद्वार के शांत शहर में नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या मामले में आरोपों भाजपा नेता की गिरफ्तारी न होने के विरोध में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया तो वहीं देहरादून में सरकार का पुतला दहन करने के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में बापू की प्रतिमा के सामने धरना दे कर राज्य सरकार पर हमला बोला। इस अवसर पर गांधी पार्क में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पंगु हो गई है और राज्य में महिलाओं दलितों व अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के मामलों में जिस तरह से इजाफा हुआ है उससे यह साफ पता चल रहा है कि प्रदेश की सरकार जान बूझ कर इन वर्गों पर जुल्म ज्यादतियां करवा रही है। धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी कांड से लेकर जून में हरिद्वार के शांतरशाह में दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म, रुद्रपुर में नर्स के साथ दुष्कर्म और हत्या और बीती १३ अगस्त को राजधानी देहरादून के आईएसबीटी में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म इस राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को कहानी बताने के लिए पर्याप्त है। धस्माना ने कहा कि आज जब हम पूरे प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे जघन्य अपराधों और हिंसा के मुद्दे पर राज्य सरकार का पुतला फूंक रहे हैं और सड़कों पर आंदोलन के लिए उतर रहे है तो आज के हो सल्ट में एक नाबालिग बच्ची के साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष द्वारा छेड़खानी व जबरदस्ती करने का मामला सुर्खियों में है, उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी कांड में वीआईपी कौन है आज तक उसका खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कांड में लिप्त परिवार का सत्ता धारी दल से संबंध और उनको बचाने के लिए किए गए सारे प्रपंच जनता को पता हैं इसी प्रकार हरिद्वार में नाबालिग दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या में भाजपा के ओबीसी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी की संलिप्तता भी जग जाहिर है और रुद्रपुर में नर्स से दुष्कर्म और हत्या तथा आईएसबीटी में बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की रिपोर्ट तीन दिन बाद दर्ज होना पुलिस की महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा के प्रति संवेदनशीलता दर्शाता है। धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड राज्य देवभूमि कहलाता है और महिला हमारे राज्य व समाज की धुरी व रीढ़ है और आज जब उसी पर इतनी बड़ी आफत आई है तो कांग्रेस पार्टी खामोश कैसे बैठ सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए आज तो केवल आंदोलन की शुरुआत है जिसे पूरे प्रदेश में पार्ट गली गली घर घर तक ले जायेगी और सरकार को महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी देने के लिए मजबूर करेगी। इस अवसर पर अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *