भाकियू ने कृषकों का भुगतान कराये जाने की मांग को लेकर किया विस कूच – uttarakhandawaaz.in

भाकियू ने कृषकों का भुगतान कराये जाने की मांग को लेकर किया विस कूच

पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोक-झोंक एवं धक्का-मुक्की
देहरादून ,

भारतीय किसान यूनियन ने कृषकों का भुगतान कराये जाने की मांग को लेकर विधानसभा कूच किया, लेकिन पुलिस ने रिस्पना पुल के पास बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। इस दौरान पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक एवं धक्का मुक्की हुई और बाद में सभी वहीं पर धरने पर बैठ गये साथ ही राज्य सरकार व फ्रूट कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आज भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के नेतृत्व में धर्मपुर के पास इकटठा हुए और वहां से कृषकों का भुगतान कराये जाने की मांग को लेकर राज्य सरकार व फ्रूट कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया और सभी वहीं धरने पर बैठ गये। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेब उत्पादक कृषकों द्वारा अपना सेब मैसर्स राजकुमार एंड कंपनी, जगदम्बा फ्रूट कंपनी, डाटकाली फ्रूट कंपनी, सुनील आहूजा, विजय अरोडा एवं राजकुमार पंवार को पिछले कई वर्षों से देते आ रहे है जिनका बकाया एक करोड पचास लाख रूपये से अधिक का भुगतान उक्त कंपनी व लोगों द्वारा कृषकों को नहीं दिया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूर्व में कंपनी के लोगों द्वारा आश्वासन दिया गया लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया है जबकि कृषक दूरदराज गांव से कई बार अपना भुगतान लेने के लिए कंपनी के अधिकारियों से मिले लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि नौ फरवरी तक भुगतान नहीं किया गया तो 10 फरवरी को सब्जी मंडरी निरंजनपुर के गेट पर तालाबंदी करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी सभी जिम्मोदारी शासन प्रशासन की होगी। इस अवसर पर अनेकों सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *