पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जनभागीदारी बढ़ाने का किया आह्वान
देहरादून ,
उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को पूरे उत्साह, उल्लास एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने पौधारोपण कर हरित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय समय-समय पर पौधारोपण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता जैसे कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास करता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधारोपण कर हरित परिसर, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया तथा एक-दूसरे को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।