वास्तुकला, निर्माण, इंटीरियर डिजाइन और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन
देहरादून ,
राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को तीन दिवसीय आर्किटेक्स-द आर्किटेक्चरल एक्सपो का शुभारंभ हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तीरथ सिंह रावत ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस एक्सपो में वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, भवन निर्माण और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख ब्रांड, निर्माता, विशेषज्ञ और पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत छोटी बच्चियों की आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वास्तुकला, निर्माण, डिजाइन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। विशेषज्ञों ने आधुनिक निर्माण तकनीकों, डिजाइन में नवाचार, सतत विकास, उद्योग की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
एक्सपो में टाइल्स एवं सिरेमिक, मार्बल एवं प्राकृतिक पत्थर, बाथ एवं सैनिटरी उत्पाद, दरवाजे-खिड़कियां, एल्युमिनियम एवं पीवीसी सिस्टम, ग्लास एवं रेलिंग, फ्लोरिंग, पेंट एवं कोटिंग, विद्युत एवं प्लंबिंग समाधान, किचन-बाथ उत्पाद, फर्नीचर और स्मार्ट होम ऑटोमेशन से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इससे आगंतुकों को आधुनिक निर्माण तकनीकों और विभिन्न कंपनियों के उत्पादों की जानकारी एक ही मंच पर मिल रही है।
आयोजकों के अनुसार, आर्किटेक्स एक्सपो का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि वास्तुकला एवं निर्माण उद्योग से जुड़े लोगों को ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है।
इसी के साथ रेन्यूएक्स (RenewX) प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें अक्षय एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और समाधानों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों, आधुनिक सौर तकनीकों और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में डीपी गैरोला, राहुल सक्सेना, गिरेन्द्र भारतीया, बीएस राणा, इंदर ढींगरा, डीके सिंह, विजय सिंह तोमर और राहुल देव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में योगदान के लिए मीडिया कोऑर्डिनेटर किशोर रावत को भी सम्मानित किया गया।
चार अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी निर्माण, वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, कारोबारियों और आम लोगों के लिए नवीनतम उत्पादों एवं तकनीकों को जानने और समझने का अवसर उपलब्ध करा रही है।