देहरादून ,
कोषागार देहरादून के सभाकक्ष में अपर जिलाधिकारी देहरादून की अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों से संबंधित योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष अनुश्रवक डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. नेगी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा जिला एवं उप-जिला चिकित्सालयों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सुभारती, ग्राफिक एरा एवं हिमालयन अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञों ने भी प्रतिभाग किया।
कुष्ठ रोगियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर
विशेष अनुश्रवक डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों के लिए संचालित प्रत्येक योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें इसका पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों के अधिकारों एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित न रहें।
समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए विशेष अनुश्रवक ने कहा कि सरकारी मानकों के अनुरूप सभी कुष्ठ रोगियों को समयबद्ध एवं उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से उपचार व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा रोगियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में कुष्ठ रोगियों के उपचार, सरकारी योजनाओं के लाभ, विभागीय समन्वय तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।