देहरादून ,
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सचिवालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भारतखंडे संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। भजन के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और मानव सेवा के विचारों को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन और उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री नितेश कुमार झा, अपर सचिव श्री विजय कुमार जोगदंडे एवं श्री नवनीत पाण्डेय सहित सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।