देहरादून पुलिस परिवार में भावुक विदाई, जितेन्द्र चौधरी और प्रमोद कुमार को नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं – uttarakhandawaaz.in

देहरादून पुलिस परिवार में भावुक विदाई, जितेन्द्र चौधरी और प्रमोद कुमार को नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं

देहरादून ,

देहरादून पुलिस परिवार में बुधवार को भावुक विदाई का माहौल रहा। जनपद से स्थानांतरित हुए पुलिस अधीक्षक क्राइम/ट्रैफिक जितेन्द्र चौधरी और पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के सम्मान में कैम्प कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखा।

एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के अनुभव और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अधिकारी अपने कार्यकाल के दौरान जो व्यवहार, कार्यशैली और सकारात्मक यादें छोड़कर जाते हैं, वही उनकी पहचान बनती हैं।

राजभवन और ऊधमसिंह नगर में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

पुलिस अधीक्षक क्राइम/ट्रैफिक के पद पर तैनात जितेन्द्र चौधरी का स्थानांतरण राजभवन किया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार का स्थानांतरण ऊधमसिंह नगर किया गया है। दोनों अधिकारी अब अपने नए दायित्वों के साथ अगली पारी की शुरुआत करेंगे।

विदाई समारोह के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। उन्होंने नई जिम्मेदारियों के लिए दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में देहरादून जनपद में नियुक्त समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान माहौल में एक ओर सहकर्मियों से बिछड़ने की भावुकता दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर नई जिम्मेदारियों के लिए दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं देने का सिलसिला भी चलता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *