बैंककर्मी पर फायरिंग की साजिश का पर्दाफाश, पूर्व प्रेमिका निकली मास्टरमाइंड

पांच लाख रुपये में दी थी हत्या की सुपारी, पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता समेत तीन को दबोचा; शूटर मुठभेड़ में घायल

देहरादून ,

पटेलनगर थाना क्षेत्र के बड़ोवाला में 8 सितंबर को बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने ही उसकी हत्या की पूरी साजिश रची थी। युवक द्वारा किसी अन्य युवती से सगाई किए जाने से नाराज मालिया ने अपने साथी मोहित के माध्यम से लक्सर के एक बदमाश को उसकी हत्या की सुपारी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, सत्यम और मालिया के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। सत्यम द्वारा दूसरी युवती से सगाई करने और बाद में मालिया से संपर्क बंद करने के बाद उसने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी, जिसमें शूटर को 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

बड़ोवाला में बैंककर्मी पर की थी फायरिंग

8 सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित अपने घर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे दो बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और सत्यम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फायरिंग में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

पुलिस मुठभेड़ में एक शूटर घायल

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 11 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दोनों शूटर दोबारा देहरादून आए हैं। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने पीछा किया तो दोनों आरोपी चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से पुलिस ने 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।

पूछताछ में खुली साजिश की पूरी कहानी

घायल आरोपी अंकित चौहान से पूछताछ में पुलिस को मालिया रहमान और मोहित की भूमिका की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, अंकित ने बताया कि वह अपने साथी अंकुर के साथ मालिया के कहने पर बैंककर्मी सत्यम को मारने देहरादून आया था। उसे हत्या के एवज में पांच लाख रुपये देने की बात कही गई थी और 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराने के साथ ही देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक के कार्यालय की जानकारी भी दी थी।

शादी टूटने के बाद भी जारी रहा संपर्क

पूछताछ में मालिया ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से 2023 तक वह हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से निकाह किया और बैंक की नौकरी छोड़कर उत्कर्ष बैंक में काम करने लगी। पुलिस के अनुसार, शादी के बाद भी सत्यम से उसका संपर्क बना रहा, जिसके चलते उसका वैवाहिक संबंध टूट गया।

वर्ष 2025 में सत्यम उज्जीवन बैंक की देहरादून शाखा में आ गया। मालिया के मुताबिक, सत्यम लंबे समय तक उसके संपर्क में रहा, लेकिन फरवरी 2026 में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बना ली और फेसबुक, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसे ब्लॉक कर दिया।

आईएसबीटी के पास से मुख्य अभियुक्ता और साथी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, अंकित से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मुख्य अभियुक्ता मालिया रहमान और उसके साथी मोहित की तलाश शुरू की गई। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, घटना में शामिल फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त

  1. मालिया रहमान, उम्र 26 वर्ष, निवासी पावदोई मोहल्ला, ज्वालापुर, हरिद्वार।
  2. मोहित, उम्र 25 वर्ष, निवासी पुष्कर एन्क्लेव, निकट रामानंद स्कूल, ज्वालापुर, हरिद्वार।

मुठभेड़ में घायल अभियुक्त:
अंकित चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी सोसायटी रोड, लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार।

वांछित अभियुक्त:
अंकुर, निवासी लोको मोहल्ला, पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार।

बरामदगी:

  • एक देसी तमंचा 315 बोर
  • दो खोखा कारतूस
  • घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *