देहरादून में SIR पुनरीक्षण अंतिम चरण में

10 विधानसभा क्षेत्रों में 11.90 लाख मतदाता, 29,929 मतदाता जांच में पाए गए अपात्र

देहरादून,

जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम अंतिम चरण में पहुंच गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर SIR कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं से संबंधित विसंगतियों, नो-मैपिंग प्रकरणों, जारी नोटिस, सुनवाई तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR के तहत प्रत्येक प्रकरण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों एवं उपलब्ध दस्तावेजों का समुचित सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनपद की 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 11,90,805 मतदाता हैं। वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंधित विवरणों के सत्यापन के दौरान 3,95,772 विसंगति (एनोमली) तथा 1,52,170 नो-मैपिंग प्रकरण चिन्हित किए गए हैं। इन प्रकरणों की जांच एवं सुनवाई के दौरान अब तक 29,929 मतदाता अपात्र पाए गए हैं।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी की जाए। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण में निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रविन्द्र ज्वांठा, जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित भारतीय जनता पार्टी के अरविंद जैन एवं उमा नरेश, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जसविंदर सिंह एवं सुनील जायसवाल, बहुजन समाज पार्टी के भीमराव एवं सतेन्द्र चोपड़ा तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा उपस्थित रहे। जनपद के समस्त संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *