हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, केंद्र ने जारी किए 500 करोड़

देहरादून/हरिद्वार ,

वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को कुंभ मेला 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इस राशि से मेला क्षेत्र में अवस्थापना विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनराशि जारी करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र से मिली स्वीकृति कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राप्त धनराशि से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है और राज्य के विकास कार्यों में केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिलता रहा है।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से हरिद्वार कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *