देहरादून ,
मेयर सौरभ थपलियाल ने मंगलवार को केदारपुर स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर और कांजी हाउस गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के बाद मेयर ने बताया कि शहर में एक महत्त्वपूर्ण डॉग शेल्टर बनाने के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है और इसका निर्माण हाईकोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में डॉग कैनल की संख्या 72 से बढ़ाकर 300 करने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे आक्रामक श्वानों को सुरक्षित तरीके से रखने की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
मेयर ने बताया कि एबीसी सेंटर का ऑपरेशन थिएटर उच्च गुणवत्ता का है और यहां प्रतिदिन लगभग 20 से 22 सर्जरी की जा रही हैं। उन्होंने इसे माननीय उच्चतम न्यायालय की मंशा के अनुरूप देहरादून नगर निगम का सराहनीय प्रयास बताया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशु कल्याण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और मानकों से कोई समझौता न किया जाए, ताकि शहर में आवारा श्वानों के प्रबंधन और जनसुरक्षा दोनों को बेहतर बनाया जा सके।